राष्ट्रमंडल खेल पदक विजेता एएसआई ज्ञानेश्वरी यादव का राजनांदगांव पुलिस ने किया भव्य नागरिक अभिनंदन

राजनांदगांव। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) स्पर्धा में देश के लिए रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उपनिरीक्षक (ASI) ज्ञानेश्वरी यादव के सम्मान में राजनांदगांव पुलिस द्वारा एक भव्य अभिनंदन एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन स्थित मंगल भवन में आयोजित “A Felicitation & Interaction Session for Girls and Women” नामक इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले की युवतियों और महिलाओं में खेल, अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना को बढ़ावा देना था।

इस गरिमामयी समारोह में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय यादव, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, सीएसपी वैशाली जैन, डीएसपी मंजुला बाज और ज्ञानेश्वरी यादव के माता-पिता विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में महिला अधिकारियों, अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, महिला उद्यमियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों की प्रतिनिधियों तथा शहर के प्रमुख विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों की छात्राओं ने भारी संख्या में उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रेरणादायी संवाद सत्र के दौरान ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने सीमित संसाधनों से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचने के संघर्ष, मानसिक दृढ़ता, कड़ी मेहनत और अपने माता-पिता के अमूल्य सहयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान विपरीत शारीरिक परिस्थितियों का सामना करते हुए भारत के लिए पदक जीतने का भावुक अनुभव साझा किया और तिरंगा फहराने व राष्ट्रगान गूंजने के क्षण को अपने जीवन का सबसे गर्व का पल बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव का छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार का हिस्सा होना संपूर्ण विभाग के लिए अत्यंत गर्व की बात है। उनका यह संघर्षशील जीवन जिले की हर बेटी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा। समारोह के समापन पर ज्ञानेश्वरी यादव और उनके माता-पिता को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
संपादक, प्रेम प्रकाश साहू
नारद एक्सप्रेस न्यूज