हर घर तिरंगा: बीजापुर में कलेक्टर व SP ने शहीद सोढ़ी नारायण के परिजनों से की मुलाकात, तिरंगा भेंट कर अभियान का शुभारंभ

हर घर तिरंगा: बीजापुर में कलेक्टर व SP ने शहीद सोढ़ी नारायण के परिजनों से की मुलाकात, तिरंगा भेंट कर अभियान का शुभारंभ

बीजापुर :- देश की आजादी के अमृत काल को जन-जन तक पहुँचाने और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बीजापुर जिले में 'हर घर तिरंगा' अभियान का गरिमामय शुभारंभ हुआ। अभियान के पहले दिन जिला एवं पुलिस प्रशासन की टीम ने वीर शहीद सोढ़ी नारायण के निवास स्थान पहुँचकर उनके परिजनों का आत्मीय सम्मान किया और उन्हें सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज सौंपा।

इस दौरान कलेक्टर श्री विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता तथा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे ने शहीद के परिवारजनों से भेंटकर अपनी गहरी कृतज्ञता प्रकट की। अधिकारियों ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' केवल एक ध्वजारोहण कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशप्रेम, राष्ट्रीय अखंडता और वीरों के बलिदान को याद करने का एक जन-आंदोलन है।

आगामी दिनों में प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों और शासकीय कार्यालयों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस विशेष अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री भुवन सिंह चौहान, पार्षद श्री मुन्ना ताती, एसडीएम श्री जागेश्वर कौशल एवं तहसीलदार श्री पंचराम सलामे भी उपस्थित रहे।