राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर रायपुर की छात्रा ने जीता प्रथम पुरस्कार

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर रायपुर की छात्रा ने जीता प्रथम पुरस्कार

रायपुर :-राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर 23 अगस्त को छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर, रायपुर में विज्ञान एवं नवाचार को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रदर्शनी और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर जिले के शासकीय बी.पी. पुजारी स्कूल, रायपुर की छात्रा कु. नेहा कोसले ने पोस्टर मेकिंग और प्रस्तुतीकरण में प्रथम पुरस्कार हासिल कर जिले और विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उनकी प्रस्तुति को निर्णायकों ने वैज्ञानिक विषय की प्रभावी व्याख्या, रचनात्मकता और विषय की समझ के लिए सराहा।

कार्यक्रम में 150 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा, भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों तथा छत्तीसगढ़ के विकास में उपग्रह तकनीक की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें नई वैज्ञानिक संभावनाओं से परिचित कराया।

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

संपादक, प्रेम प्रकाश साहू 

नारद एक्सप्रेस न्यूज