अंधविश्वास के खिलाफ अलख जगाने वाले डॉ. दिनेश मिश्र को मिला लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान

अंधविश्वास के खिलाफ अलख जगाने वाले डॉ. दिनेश मिश्र को मिला लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान

रायपुर :-प्रदेश के प्रख्यात नेत्र विशेषज्ञ एवं अंधविश्वास निर्मूलन के अग्रदूत डॉ. दिनेश मिश्र को चिकित्सा और समाजसेवा में अप्रतिम योगदान के लिए 'लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड' से सम्मानित किया गया है। राजधानी में आयोजित भव्य समारोह में विधानसभा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा।

कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, विधायक पुरन्दर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, डॉ. विद्याकांत त्रिवेदी, डॉ. उपेन्द्र त्रिवेदी एवं डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

तीन दशकों से कुरीतियों के खिलाफ अलख

वर्ष 1995 से अनवरत जारी अपने सामाजिक संकल्प के तहत डॉ. दिनेश मिश्र ने प्रदेश में टोनही प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ ऐतिहासिक जनजागरण अभियान चलाया। उनके प्रयासों से ही छत्तीसगढ़ में टोनही प्रताड़ना विरोधी कानून बना। वे प्रताड़ित महिलाओं के पुनर्वास और सामाजिक बहिष्कार से पीड़ित परिवारों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्षरत हैं।

चिकित्सा सेवा और जनचेतना का अनुठा उदाहरण

एक निष्ठावान चिकित्सक के रूप में डॉ. मिश्र 300 से अधिक निःशुल्क शिविरों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जिनमें दीपावली और होली पर आयोजित 70 विशेष शिविर शामिल हैं। विगत 30 वर्षों में उन्होंने देशभर में 5,000 से अधिक जनसभाएं कीं और 3 लाख से अधिक विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रशिक्षण दिया।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बढ़ाया गौरव

डॉ. मिश्र ने वर्ष 2016 में जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र (UN) की कार्यशाला तथा 2014 में बेल्जियम के ब्रसेल्स में मानवाधिकारों पर अपना व्याख्यान दिया। देश के 13 से अधिक राज्यों में सक्रिय डॉ. मिश्र को पूर्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 'राज्य अलंकरण पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान (2006)', भारत सरकार का 'नेशनल अवार्ड (2007)' और राज्य महिला आयोग द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।

डॉ. दिनेश मिश्र का संपूर्ण जीवन अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाली समाज सेवा की एक प्रेरणादायी मिसाल है, और यह सम्मान उनकी अतुलनीय सेवाओं का सच्चा आदर है।

संपादक, प्रेम प्रकाश साहू 

नारद एक्सप्रेस न्यूज