रक्षाबंधन पर डाक विभाग की खास सौगात, राखी मेल पर मिलेगी 10% छूट
रायपुर :- रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए डाक विभाग ने राखी भेजने वाले ग्राहकों के लिए विशेष छूट योजना शुरू की है। इसके तहत इनलैंड स्पीड पोस्ट डॉक्यूमेंट सेवा के जरिए बुक किए जाने वाले राखी मेल पर डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
यह सुविधा 12 अगस्त से 28 अगस्त 2026 तक लागू रहेगी। छूट का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को लिफाफे के आगे स्पष्ट रूप से “Rakhi Mail” लिखना होगा और इसे डाकघर के बुकिंग काउंटर पर जमा करना होगा। डाक विभाग के मुताबिक, यह सुविधा केवल रिटेल बुकिंग पर लागू होगी। एक ग्राहक एक बार में अधिकतम 5 आर्टिकल बुक कर सकेगा।
वहीं बल्क और कॉर्पोरेट ग्राहकों को इस छूट का लाभ नहीं मिलेगा। इसके अलावा, 10 प्रतिशत की छूट सिर्फ डाक शुल्क पर होगी। वैल्यू एडेड सर्विस यानी VAS शुल्क पर यह छूट लागू नहीं होगी। डाक विभाग का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन पर बहनों द्वारा भाइयों को भेजी जाने वाली राखियों के लिए तेज, भरोसेमंद और किफायती डाक सेवा उपलब्ध कराना है।