जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी सफलता: 3 मंदिरों में हुई 16.60 लाख की चोरी का 48 घंटे में पर्दाफाश, 100% मशरूका बरामद

जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी सफलता: 3 मंदिरों में हुई 16.60 लाख की चोरी का 48 घंटे में पर्दाफाश, 100% मशरूका बरामद

जांजगीर-चांपा :- जिले के तीन प्रमुख मंदिरों में हुई लाखों की चोरी के मामले को पुलिस और सायबर टीम ने महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में 3 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही 1 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से 16 लाख 60 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, दान पेटी, नकदी समेत घटना में प्रयुक्त कटर मशीन और मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने घटनास्थलों और आने-जाने वाले रास्तों के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक संदिग्ध बाइक पर सवार 4 लोगों की पहचान कर सायबर तकनीक और मैनुअल इनपुट की मदद से आरोपियों को पकड़ा गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कर्ज से परेशान होकर चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया।

इन मंदिरों में हुई थी चोरी

दिनांक 1-2 अगस्त की रात चोरों ने बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर, नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम महंत स्थित चंडी दाई मंदिर और ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर को निशाना बनाया था। आरोपियों ने चोरी का सामान प्रशांत पटेल के घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखा था, जिसे पुलिस ने शत्-प्रतिशत बरामद कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी:

प्रशांत पटेल (23 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़

प्रभात पटेल (18 वर्ष 2 माह), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़

परमानंद पटेल (25 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़ (इसके अतिरिक्त 1 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया है।)

मामले को सुलझाने में सायबर टीम, थाना नवागढ़ और बम्हनीडीह पुलिस की सराहनीय भूमिका रही।

चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव 

नारद एक्सप्रेस न्यूज