रक्षाबंधन पर घर वापसी की होड़: फ्लाइट्स का किराया 25% बढ़ा, ट्रेनों में 'नो-रूम'; बसें और तत्काल ही आखिरी सहारा
रायपुर: रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही रायपुर से देश के प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ गई है। हवाई जहाजों से लेकर लंबी दूरी की ट्रेनों तक, सीटों की भारी किल्लत देखी जा रही है। मांग में बढ़ोतरी का सीधा असर हवाई किराए पर पड़ा है, जो सामान्य दिनों की तुलना में 25 फीसदी तक महंगा हो चुका है। वहीं, ट्रेनों में 'नो-रूम' और लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
आसमान छूता हवाई किराया (रायपुर से प्रमुख शहरों का दर)
-
कोलकाता: ₹15,000
-
बेंगलुरु: ₹14,000
-
दिल्ली: ₹13,000
-
मुंबई: ₹12,000
-
हैदराबाद: ₹12,000
-
पुणे: ₹11,000
-
इंदौर: ₹10,000
ट्रैवल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (TAFI) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमन जादवानी के अनुसार, त्योहारों में अचानक मांग बढ़ने से 'डायनेमिक फेयर' के तहत किराए में यह बड़ा उछाल आया है।
ट्रेनों की स्थिति: नो-रूम और लंबी वेटिंग
-
दिल्ली रूट: गोंडवाना सुपरफास्ट में 'नो-रूम' की स्थिति है। दुर्ग-उधमपुर में 90, जबकि समता और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में 50 से अधिक वेटिंग है। एसी कोच भी इससे अछूते नहीं हैं।
-
मुंबई व हावड़ा रूट: गीतांजलि, पूरी-एलटीटी और शालीमार रूट की ट्रेनों में नो-रूम है। हावड़ा मेल और दुरंतो में भारी वेटिंग चल रही है।
-
बिहार, यूपी व अन्य रूट: गोंदिया-बरौनी में सीटें फुल हैं, वहीं सारनाथ और साउथ बिहार एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग बनी हुई है।
तत्काल टिकट और बसों का आसरा
रेलवे में कंफर्म सीट न मिलने के कारण अब यात्रियों का पूरा दारोमदार 'तत्काल कोटा' पर टिक गया है। हालांकि, सीमित सीटों की वजह से बड़ी संख्या में लोग सड़क मार्ग (बसों) का विकल्प चुन रहे हैं।
छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अनवर अली ने आश्वस्त किया है कि राज्य में पर्याप्त संख्या में बसें उपलब्ध हैं। साथ ही उन्होंने यात्रियों को सलाह दी है कि वे धोखाधड़ी और ओवरचार्जिंग से बचने के लिए केवल अधिकृत बुकिंग काउंटरों से ही टिकट खरीदें।
अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की मांग
त्योहार में यात्रियों की इस भारी भीड़ के बावजूद रेलवे प्रशासन द्वारा अब तक केवल एक जोड़ी 'राखी स्पेशल' ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। छत्तीसगढ़ के यात्रियों ने रेलवे से मांग की है कि स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द अतिरिक्त विशेष ट्रेनें चलाई जाएं ताकि लोगों की घर वापसी आसान हो सके।
संपादक/नारद एक्स्प्रेस न्यूज