ऑपरेशन आघात: रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 48 घंटे में 18 किलो गांजा व नशीले इंजेक्शन बरामद; 7 आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन आघात: रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 48 घंटे में 18 किलो गांजा व नशीले इंजेक्शन बरामद; 7 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन आघात' के तहत नशे के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार किया गया है। पिछले 48 घंटों में पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 18.1632 किलोग्राम गांजा, नशीले इंजेक्शन और टैबलेट्स बरामद कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

रेलवे स्टेशन पर 15 किलो से अधिक गांजा जब्त, ओडिशा के 3 तस्कर गिरफ्तार 18 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस, साइबर सेल एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाइक स्टैंड के पास घेराबंदी कर ओडिशा निवासी तीन आरोपियों—त्रिनाथ मलिक (27), ओमप्रकाश राउत (20) और सत्यव्रत मोहन्ती (25) (सभी निवासी गिरीमा, थाना गोप, जिला पुरी) को पकड़ा। उनके कब्जे से 15.1632 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹1.50 लाख) और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

नशीली दवाओं के साथ स्थानीय युवक गिरफ्तार एक अन्य कार्रवाई में रेलवे स्टेशन स्टैंड के पास नशीले इंजेक्शन व टैबलेट्स बेचने की फिराक में घूम रहे दीपक डोंगरे (22), निवासी बापूनगर, रायगढ़ को पकड़ा गया। आरोपी के पास से 18 नग Pentazocine इंजेक्शन, 17 नग Nitrazepam टैबलेट, सिरिंज और ₹200 बिक्री की राशि जब्त की गई। कोतवाली पुलिस ने धारा 21, 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

लैलूंगा पुलिस ने 3 किलो गांजा के साथ 3 आरोपियों को पकड़ा 19 अगस्त को लैलूंगा पुलिस ने ग्राम पाकरगांव मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर बोधराम यादव (44, लैलूंगा), दिलाराम चौहान (55, जशपुर) और सनत साय चौहान (50, जशपुर) को 3 किलोग्राम गांजा (कीमत ₹1.50 लाख) के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में ओडिशा से गांजा लाकर बेचने की बात स्वीकार की। आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

एसएसपी का कड़ा संदेश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए रायगढ़ पुलिस की यह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

मयंक श्रीवास्तव/नारद एक्सप्रेस न्यूज़