GATE परीक्षा में सेंधमारी: हरियाणा के 6 ‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार, जूतों में छिपाया था ब्लूटूथ

रायपुर (सरोना): सरोना स्थित 'आयन डिजिटल जोन' में आयोजित ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) में नकल के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने इस मामले में हरियाणा के रहने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो आरोपी बीटेक (B.Tech) डिग्रीधारी हैं।
नकल का हाई-टेक तरीका
गिरोह ने परीक्षा में नकल के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था:
• डिवाइस: आरोपी जूतों में ब्लूटूथ रिसीवर और कानों में त्वचा के रंग से मिलता-जुलता सूक्ष्म इयर डिवाइस छिपाकर सेंटर में घुसे थे।
• प्रक्रिया: वॉशरूम में डिवाइस एक्टिवेट कर वे परीक्षा हॉल में बैठे, जहाँ बाहर मौजूद उनके साथी इंटरनेट की मदद से सवालों के जवाब बता रहे थे।
• डील: पुलिस के अनुसार, यह सौदा प्रति परीक्षार्थी 2 लाख रुपये में तय हुआ था। उपकरण विशेष रूप से दिल्ली से मंगाए गए थे।
पुलिसिया कार्रवाई और बरामदगी
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने परीक्षा केंद्र के बाहर घेराबंदी की। एक संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर पूरे खेल का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामग्री जब्त की:
• 3 ब्लूटूथ इयर डिवाइस और 4 इलेक्ट्रॉनिक रिसीवर।
• 8 मोबाइल फोन और 3 सिम कार्ड।
• गिरफ्तार आरोपी: दर्शन सहवाग, सुमित, लक्ष्मीनारायण, अमर, नरेंद्र और बंटी कुमार।
•मुख्य बिंदु: इस गिरोह का मास्टरमाइंड फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। पकड़े गए आरोपी एक अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा हैं जो प्रतियोगी परीक्षाओं में सक्रिय रहता है।
रिपोट्:मयंक श्रीवास्तव
चीफ एडिटर/नारद एक्सप्रेस न्यूज़