छत्तीसगढ़ के जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां जालबांधा क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग...
छत्तीसगढ़ के जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में एक केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग ।
खैरागढ़ : सोमवार सुबह करीब 11 बजे भड़की इस आग ने देखते ही देखते इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि इसकी भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसमान में उठते काले धुएं का गुबार और आग की लपटें 20 किलोमीटर की दूरी से भी साफ दिखाई दे रही थीं। खैरागढ़-दुर्ग मुख्य मार्ग पर स्थित इस फैक्ट्री में जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय वहां काम सुचारू रूप से चल रहा था, तभी अचानक उठी लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
फैक्ट्री के भीतर भारी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल और ड्रम मौजूद होने के कारण आग लगने के बाद वहां एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका थर्रा उठा। इन धमाकों ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया और आग तेजी से फैलती चली गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल तुरंत मौके पर तैनात हो गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मशक्कत कर रही हैं, लेकिन केमिकल की मौजूदगी के कारण पानी की बौछारें भी बेअसर साबित हो रही थीं, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विशेष रूप से फोम का सहारा लिया जा रहा है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षित रखने के प्रयासों में जुटा है।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
चीफ एडिटर,नारद एक्सप्रेस न्यूज