राजधानी के ट्रांसपोर्ट नगर में पुलिस की बड़ी दबिश, 19 जुआरी गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद ...

राजधानी के ट्रांसपोर्ट नगर में पुलिस की बड़ी दबिश, 19 जुआरी गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद ...

रायपुर : राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है।

मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर खमतराई पुलिस की टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पार्किंग नंबर 6, दीदी का ढाबा के पास घेराबंदी कर दबिश दी। वहां ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे कुल 19 व्यक्तियों को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 2,52,520 रुपये नकद और आरोपियों के कब्जे से 20 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये) जब्त किए हैं। कुल बरामद मशरूका की कीमत 5,02,520 रुपये आंकी गई है।

पकड़े गए आरोपियों में धनेली, रावांभाठा, उरकुरा और बंजारी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना खमतराई में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 के तहत अपराध क्रमांक 129/26 पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है। नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और संदिग्धों के विरुद्ध यह चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव 

चीफ एडिटर,नारद एक्सप्रेस न्यूज