भाटागांव के उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में मरीज की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप — विरोध प्रदर्शन
रायपुर/भाटागांव। भाटागांव स्थित उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई, जहां पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल रही है।
जानकारी के अनुसार मृतक मरीज लगभग ढाई महीने पहले पेट दर्द की शिकायत लेकर खुद अपनी बाइक से उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के नाम पर अस्पताल प्रबंधन ने शुरुआत में लगभग डेढ़ लाख रुपये खर्च बताया था, लेकिन बाद में लगातार राशि बढ़ती गई।
परिजनों का दावा है कि इलाज के दौरान अस्पताल द्वारा 17 लाख रुपये नकद, 3 लाख रुपये आयुष्मान कार्ड से और करीब 5 लाख रुपये मेडिकल बैलेंस के रूप में लिए गए। इसके बावजूद मरीज की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है।
मरीज की मौत की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए। इस दौरान क्रांति सेना और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजन अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
रिपोर्टर: कंचन यादव
नारद एक्सप्रेस न्यूज