रायगढ़ पुलिस की संवेदनशीलता: 4 साल से लापता दुष्कर्म पीड़िता को खोजकर न्यायालय में कराया पेश

रायगढ़। नाबालिक पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने की दिशा में रायगढ़ पुलिस ने 'अभियान संवेदना' के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना घरघोड़ा पुलिस ने लगभग चार वर्षों से लापता दुष्कर्म पीड़िता को रायगढ़ से सकुशल बरामद कर माननीय न्यायालय के समक्ष उपस्थित करा दिया है।
यह मामला घरघोड़ा के विशेष पॉक्सो प्रकरण क्रमांक 57/2021 से संबंधित है। वर्ष 2022 से पीड़िता के लापता हो जाने के कारण न्यायालयीन प्रक्रिया और गवाही प्रभावित हो रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में घरघोड़ा पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न जिलों, व्यावसायिक परिसरों, कोयला खदानों और स्लम इलाकों में सघन पतासाजी अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने पीड़िता को रायगढ़ से ढूंढ निकाला और 11 अगस्त को न्यायालय में उपस्थित कराया, जिससे अब पॉक्सो मामले में विचारण आगे बढ़ेगा और दोषी को सजा दिलाने की प्रक्रिया सुगम होगी।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कुमार गौरव साहू, आरक्षक दिनेश सिदार, आरक्षक प्रदीप तिग्गा एवं आरक्षक हरीश पटेल की सराहनीय भूमिका रही। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि पीड़ितों को न्याय दिलाना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव
नारद एक्सप्रेस न्यूज