हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र-समर्पण का प्रतीक, उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल ने जगाई राष्ट्रभक्ति की अलख

रायपुर। उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं के साथ सामाजिक सरोकारों में सदैव अग्रणी रहने वाले उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर एक अनुकरणीय पहल की है। अस्पताल परिसर में आयोजित लगभग 450 सदस्यीय नर्सिंग एवं पैरामेडिकल टीम की बैठक में इस अभियान को मात्र एक आयोजन न मानकर प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व बताया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर एवं प्रख्यात पेट रोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद सिंह ने कहा, "‘हर घर तिरंगा’ केवल एक शासकीय अभियान नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति हमारी निष्ठा और समर्पण का प्रतीक है। एक सच्चा नागरिक होने के नाते हमारा यह कर्तव्य है कि हम अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं।" डॉ. सिंह ने यह भी घोषणा की कि आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल प्रबंधन हर कर्मचारी को निःशुल्क तिरंगा उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बल देकर कहा कि वास्तविक चिकित्सा सेवा वही है जो रोगियों के उपचार के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी पूरा करे।
इस अवसर पर संस्थान की डायरेक्टर नम्रता सिंह ने भी आमजन से इस राष्ट्रीय पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर घर पर लहराता तिरंगा देश की एकता, अखंडता और नागरिक कर्तव्य का सबसे सशक्त संदेश है।
सेवा और समर्पण का गौरवशाली आधार
उल्लेखनीय है कि मात्र 30 बिस्तरों से अपनी यात्रा शुरू करने वाला उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल आज 200 बिस्तरों से सुसज्जित एक अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशलिटी स्वास्थ्य केंद्र बन चुका है। एनएबीएच (NABH) से मान्यता प्राप्त यह अस्पताल केंद्र व राज्य सरकार सहित भारतीय रेलवे जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के लिए अधिकृत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है।
राष्ट्रहित में उठाए गए उर्मिला हॉस्पिटल के इस प्रेरक कदम की जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव
नारद एक्सप्रेस न्यूज