रायगढ़: फर्जी मार्कशीट से डाकपाल बनने की कोशिश नाकाम, महिला समेत दो गिरफ्तार

रायगढ़: फर्जी मार्कशीट से डाकपाल बनने की कोशिश नाकाम, महिला समेत दो गिरफ्तार

रायगढ़। भारतीय डाक विभाग की ग्रामीण डाकसेवक (GDS) भर्ती में फर्जी दस्तावेज जमा कर नौकरी पाने की कोशिश करने वाले दो अभ्यर्थियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सक्ती जिले से ऑनलाइन आवेदन के दौरान तमिलनाडु शिक्षा बोर्ड की फर्जी 10वीं की अंकसूची अपलोड की थी।

मुख्य घटनाक्रम:

दस्तावेज सत्यापन में खुलासा: भर्ती प्रक्रिया के दौरान जब रायगढ़ डाक संभाग ने मार्कशीट का सत्यापन कराया, तो तमिलनाडु बोर्ड ने इन्हें फर्जी घोषित कर दिया।

मुख्य साजिशकर्ता फरार: पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कोरबा निवासी विनोद राठौर ने नौकरी लगाने के नाम पर उनसे लाखों रुपये लिए और फर्जी मार्कशीट उपलब्ध कराई। फिलहाल विनोद राठौर फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस कार्रवाई: एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने आरोपी नरेन्द्र कुमार और सोनम साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। उनके पास से फर्जी और मूल दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

एसएसपी की अपील:

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को आगाह किया है कि शासकीय नियुक्तियां पारदर्शी होती हैं। किसी भी दलाल या बिचौलिए के झांसे में न आएं और फर्जीवाड़े से बचें, अन्यथा कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी:

नरेन्द्र कुमार (उम्र 33 वर्ष), निवासी मालखरौदा, सक्ती।

सोनम साहू (उम्र 29 वर्ष), निवासी बाराद्वार, सक्ती।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव 

चीफ़ एडिटर/नारद एक्सप्रेस न्यूज