केशकाल पुलिस की बड़ी दबिश: राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 115 किलो गांजा और लग्जरी कार जप्त

केशकाल पुलिस की बड़ी दबिश: राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 115 किलो गांजा और लग्जरी कार जप्त

केशकाल | दिनांक: 21.04.2026
कोंडागांव पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमल (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों और तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी केशकाल श्री अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में केशकाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो तस्करों को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
घेराबंदी कर तस्करों को दबोचा
बीते 20 अप्रैल को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि एक मटमैले (ग्रे) रंग की महिंद्रा XUV 500 (क्रमांक: RJ 14 UF 2337) में भारी मात्रा में अवैध गांजा ओडिशा से रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने थाना केशकाल के सामने एमसीपी (चेक पोस्ट) लगाई।
संदिग्ध कार के आने पर जब उसे रोकने का प्रयास किया गया, तो तस्करों ने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पेट्रोलिंग वाहन और बैरिकेडिंग की मदद से रास्ता रोककर वाहन को घेरा और दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के रहने वाले हैं:
1. सूरज सिंह राठौड़: निवासी केरिया (भीलवाड़ा), राजस्थान।
2. पंकज पूरी गोस्वामी: निवासी हरणी कला (भीलवाड़ा), राजस्थान।
जप्त सामग्री और कुल कीमत
वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की के भीतर विशेष रूप से छिपाकर रखे गए 53 पैकेट बरामद हुए।
• मादक पदार्थ: 115.214 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत लगभग 11,52,140 रुपये)।
• वाहन: महिंद्रा XUV 500 (कीमत लगभग 18,00,000 रुपये)।
• कुल जप्ती: लगभग 29,52,140 रुपये।
कार्यवाही: पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। माननीय न्यायालय में पेश करने के उपरांत दोनों तस्करों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की अपील: अवैध तस्करी और असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

मयंक श्रीवास्तव 
मुख्य संपादक/नारद एक्सप्रेस न्यूज़