जांजगीर-चांपा में आगामी नवरात्रि पर्व को लेकर पुलिस व प्रशासन अलर्ट, तैयारियों को दिया अंतिम रूप

जांजगीर-चांपा: आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान नैला स्थित अग्रसेन भवन के सामने विराजी जाने वाली माँ दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, सुगम यातायात और पार्किंग प्रबंधन को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई है।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा के निर्देशानुसार आयोजित इस समन्वय बैठक की अगुवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क और एडीएम ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने की। बैठक में माँ दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारियों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों के साथ चर्चा कर श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
इस महत्वपूर्ण बैठक में एसडीएम जांजगीर, नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) जांजगीर योगिताबाली खापर्डे तथा नगर पालिका जांजगीर-नैला के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य नवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और शहर के आवागमन को सुचारू बनाए रखना है।
चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव
नारद एक्सप्रेस न्यूज