रायपुर में 60 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का 48 घंटे में पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

रायपुर में 60 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का 48 घंटे में पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के आमानाका थाना क्षेत्र स्थित सरोना अरिहन्त कॉम्प्लेक्स के एक सूने मकान में हुई 60 लाख रुपये की बड़ी चोरी की वारदात को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की शत-प्रतिशत सामग्री बरामद कर ली है।

यह पूरी सफलता पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) श्री रॉबिन्सन गुरिया की सतत मॉनिटरिंग और कड़े दिशा-निर्देशों के चलते मिली है।

घटना 28 जुलाई की है, जब अरिहन्त नगर निवासी प्रार्थी रविकांत गुप्ता परिवार सहित बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के बहुमूल्य जेवरात और नगदी पार कर दिए थे। शिकायत दर्ज होते ही गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया और आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिधों—करण तांडी उर्फ केडे (21 वर्ष) और लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी (19 वर्ष)—को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 60 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के शत-प्रतिशत जेवरात, नगदी रकम और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त कर ली है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी और मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं। इनमें से आरोपी लक्ष्मी नारायण गोस्वामी थाना पंडरी के एक अन्य चोरी के मामले में भी फरार चल रहा था, जिसमें उसकी अलग से गिरफ्तारी की जाएगी। आमानाका थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव 

नारद एक्सप्रेस न्यूज