अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाला फरार आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार, कांकेर जेल भेजा गया
कांकेर (उत्तर बस्तर): बान्दे थाना पुलिस ने अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे महाराष्ट्र निवासी आरोपी सागर काले (29 वर्ष) को भानुप्रतापपुर बस स्टैंड से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने बान्दे निवासी ब्रोजेन पाल और महाराष्ट्र के पुणे निवासी सागर काले के खिलाफ अपराध क्रमांक 50/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(3), 77, 79 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।
एसपी निखिल राखेचा के निर्देशन में गठित विशेष टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी रायपुर से पखांजूर की ओर जा रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भानुप्रतापपुर बस स्टैंड पर दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल जब्त किया गया। आरोपी को पखांजूर न्यायालय में पेश करने के बाद कांकेर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की अपील:
कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी की भी अनुमति के बिना अश्लील फोटो या वीडियो बनाना और वायरल करना गंभीर अपराध है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें, सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव
नारद एक्सप्रेस न्यूज