लैलूंगा दोहरा हत्याकांड: दुष्कर्म का विरोध करने पर महिला और बच्ची की हत्या, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने लैलूंगा के छापरपानी में हुए 35 वर्षीय महिला और उसकी 10 माह की मासूम बेटी की हत्या के अंधे कत्ल की गुत्थी 21 दिनों में सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने ग्राम कोड़ासिया निवासी 65 वर्षीय आरोपी भिखारीराम नागवंशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
16 जुलाई 2026 को खेत के बोर मकान में रह रही महिला और उसकी मासूम बच्ची पर जानलेवा हमले की सूचना मिली थी। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव की टीम ने वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक तरीके से जांच की। आरोपी के हाथ पर चोट के निशान और मुखबिर की सूचना पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने 15 जुलाई की रात दुष्कर्म के प्रयास में असफल होने पर महिला के सिर पर ईंट से वार किया और बेहोश होने पर दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने पर आरोपी ने उसका गला घोंटकर और ईंट मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने खून से सने कपड़े बरामद कर BNS की धारा 103(1), 64 और 66 के तहत कार्रवाई की है। इस सफल खुलासे में उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रीतम बघेल, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा, आरक्षक चमार साय और विनोद कुजूर की मुख्य भूमिका रही।
चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव
नारद एक्सप्रेस न्यूज