'उजियारा अभियान' के तहत कांकेर पुलिस की बड़ी कामयाबी: भिलाई का शातिर तस्कर अंतागढ़ में गिरफ्तार, ₹10.65 लाख की शराब और कार जब्त
कांकेर/अंतागढ़। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में आपराधिक तत्वों और नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'उजियारा अभियान' के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक (SP) श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के कड़े रुख और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) श्री आशीष बँछोर के दिशा-निर्देशन में अंतागढ़ पुलिस ने एक अंतर-राज्यीय तस्कर को धरदबोचा है। इस पूरे ऑपरेशन की कमान एसडीओपी (कांकेर) श्री शुभम् तिवारी और डीएसपी श्री मेखलेन्द्र प्रताप सिंह संभाल रहे थे।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मध्य प्रदेश से छत्तीसगढ़ लाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप को जब्त किया है। आरोपी के पास से कुल ₹10,65,950 की संपत्ति बरामद की गई है।

सटीक मुखबिर तंत्र से कढ़ाई खोदरा के पास नाकेबंदी
पुलिस को मुखबिर से एक बेहद सटीक सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश की ओर से एक अर्टिगा कार में भारी मात्रा में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही अंतागढ़ थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जाल बिछाया और ग्राम कढ़ाई खोदरा के पास घेराबंदी कर दी।
तभी सामने से आ रही संदिग्ध सफेद रंग की अर्टिगा कार (क्रमांक: CG 07 CZ 3590) को रोककर जब सघन तलाशी ली गई, तो पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए। कार के भीतर मध्य प्रदेश निर्मित 'गोवा व्हिस्की' की 40 पेटियां बेरहमी से ठंसकर भरी हुई थीं।
जब्त सामग्री का विवरण:
-
अवैध शराब: 40 पेटी गोवा व्हिस्की (कुल 1970 नग पाव, लगभग 350 लीटर) – कुल कीमत ₹2,65,950
-
वाहन: तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार – कीमत लगभग ₹8,00,000
-
कुल जब्ती: ₹10,65,950
भिलाई का आदतन अपराधी चढ़ा हत्थे
मामले में पुलिस ने कार चालक आरोपी महेश सेन (28 वर्ष), निवासी सुपेला, भिलाई (जिला- दुर्ग) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह यह शराब अनूपपुर (म.प्र.) से खपाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ ला रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि आरोपी महेश सेन एक शातिर और आदतन तस्कर है। इसके खिलाफ पूर्व में भी दुर्ग और बलौदाबाजार जिले के विभिन्न थानों में आबकारी एक्ट, एनडीपीएस (नार्कोटिक्स) और मारपीट जैसे 5 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया है।
कार्रवाई में शामिल सराहनीय टीम:
इस बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ करने में निरीक्षक प्रहलाद यादव, उपनिरीक्षक आलोक सुबोध, सउनि कन्हैया मरकाम, पीएसआई नकुल पैकरा के साथ आरक्षक रोशन नेताम, हरिशंकर मांडवी, श्रवण बट्टी, ईश्वर कोरोटी और महिला आरक्षक आश्रिता यादव की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।
कांकेर पुलिस की इस मुस्तैद कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों के अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। एसपी ने साफ किया है कि जिले में 'उजियारा अभियान' के तहत नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
मयंक श्रीवास्तव
नारद एक्स्प्रेस न्यूज