भारतीय रेलवे का बड़ा फैसला: टिकट नियमों में सख्ती; बिना टिकट यात्रा पर अब न्यूनतम ₹500 जुर्माना, नए नियम लागू

भारतीय रेलवे का बड़ा फैसला: टिकट नियमों में सख्ती; बिना टिकट यात्रा पर अब न्यूनतम ₹500 जुर्माना, नए नियम लागू

नई दिल्ली/रायपुर।भारतीय रेलवे ने ट्रेन यात्रा को अधिक सुरक्षित और अनुशासित बनाने के लिए टिकट नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए कड़ा रुख अपनाया है। रेलवे अधिनियम में किए गए नवीनतम संशोधनों के बाद नए नियम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। अब ट्रेनों या रेलवे परिसरों में बिना वैध टिकट या अनियमित टिकट के साथ सफर करने वाले यात्रियों को पहले से कहीं अधिक भारी जुर्माना चुकाना होगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन कड़े प्रावधानों का मुख्य उद्देश्य अनधिकृत यात्रा पर पूरी तरह रोक लगाना, राजस्व की क्षति को बचाना और वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करना है।

अब कितना लगेगा जुर्माना?

नए नियमों के तहत टिकट संबंधी गड़बड़ियों और बिना टिकट यात्रा पर सख्त निगरानी रखी जा रही है:

  • बिना टिकट यात्रा: यदि कोई यात्री बिना वैध टिकट के ट्रेन में सफर करते हुए पकड़ा जाता है, तो उससे यात्रा का पूरा किराया तो वसूला ही जाएगा, साथ ही कम से कम ₹500 का अतिरिक्त जुर्माना (पेनल्टी) भी देना होगा।

  • पुरानी टिकट का दोबारा इस्तेमाल: पुरानी या इस्तेमाल की जा चुकी टिकट का दोबारा उपयोग करना अब भारी पड़ेगा। ऐसा करने पर भी रेलवे द्वारा निर्धारित पूरा किराया और सख्त दंडात्मक पेनल्टी वसूली जाएगी।

इनकार करने पर सीधे कोर्ट में दर्ज होगा केस

रेलवे ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। यदि कोई यात्री पकड़ा जाने पर किराया या जुर्माना देने से इनकार करता है या टालमटोल करता है, तो उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत तत्काल न्यायालयीन प्रकरण (कोर्ट केस) दर्ज किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

1 जुलाई के बदले 20 जून से ही लागू हुए नियम

जानकारी के मुताबिक, रेलवे अधिनियम में यह महत्वपूर्ण संशोधन पहले 1 जुलाई 2026 से लागू होना प्रस्तावित था। लेकिन स्थिति की गंभीरता और व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड ने इसे तय समय से पहले, यानी 20 जून 2026 से ही पूरे देश में प्रभावी कर दिया है। देश के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को जागरूक करने के लिए लगातार लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट (घोषणाएं) भी शुरू कर दी गई हैं।

रेलवे का संदेश:

"इन नए नियमों का उद्देश्य यात्रियों को परेशान करना नहीं, बल्कि उन्हें एक बेहतर, सुरक्षित और गरिमापूर्ण यात्रा का अनुभव देना है। रेलवे परिसरों और ट्रेनों में अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें।"

इस नए नियम के लागू होने से जहां एक ओर बेटिकट यात्रा करने वाले तत्वों पर लगाम कसेगी, वहीं दूसरी ओर आम यात्रियों का सफर और अधिक आरामदायक होने की उम्मीद है।

कंचन यादव/नारद एक्स्प्रेस न्यूज