नाबालिग से दुष्कर्म का इनामी आरोपी पटना से गिरफ्तार, सरगुजा पुलिस को मिली बड़ी सफलता

नाबालिग से दुष्कर्म का इनामी आरोपी पटना से गिरफ्तार, सरगुजा पुलिस को मिली बड़ी सफलता

अंबिकापुर। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पिछले 10 दिनों से फरार चल रहे आरोपी तरूण कुमार जायसवाल (51 वर्ष) को सरगुजा पुलिस ने बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित था।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। घटना के बाद से आरोपी अपना मोबाइल बंद कर लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस को चकमा देने के लिए वह राहगीरों से फोन मांगकर संपर्क करता था।

पुलिस टीम ने लगातार 10 दिनों तक तकनीकी सर्विलांस, बैंक अकाउंट फ्रीज करने और ट्रैवल हिस्ट्री खंगालने के बाद आरोपी का पीछा किया। देवघर, वासुकीनाथ, पुरी और रांची में दबिश देने के बाद अंततः पटना पुलिस के समन्वय से आरोपी को धर दबोचा गया।

आरोपी तरूण कुमार जायसवाल (निवासी भफौली व हाल मुकाम चोपड़ापारा, अंबिकापुर) के खिलाफ थाना कोतवाली में बीएनएस की धारा 65(1) और पोक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के निवास से उसका निरस्त लाइसेंसी 12 बोर डीबीबीएल बंदूक भी जब्त कर लिया है। आरोपी को पटना न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर अंबिकापुर लाया जा रहा है, जहां मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव 

नारद एक्सप्रेस न्यूज