सुरक्षा बलों की मुस्तैदी से कांकेर में नक्सली मंसूबे नाकाम, सर्चिंग के दौरान मिला हथियारों का जखीरा

कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर के संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिला पुलिस, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने थाना छोटेबेठिया के अंतर्गत आमाटोला के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र से एक बड़ा नक्सल डम्प बरामद किया है।
यह पूरी कार्यवाही बस्तर रेंज के आईजी श्री सुन्दरराज पी. (भा.पु.से.), बीएसएफ भानुप्रतापपुर के डीआईजी श्री दीपक तिवारी, कांकेर एसपी श्री निखिल राखेचा और 94वीं वाहिनी बीएसएफ के सेनानी श्री रविन्द्र सिंह चंदेल के कुशल मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निकले सुरक्षा बलों का नेतृत्व टीम कमांडर एसी योगेश कुमार और इंस्पेक्टर सुमन कंथोसू कर रहे थे।
सघन तलाशी के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखे गए डम्प से 4 भारमार बंदूकें, 2 वायरलेस सेट, 1 रेडियो, नक्सली वर्दी, पोच, चार्जर, बैटरी और भारी मात्रा में नक्सल साहित्य बरामद किया। कांकेर पुलिस और सुरक्षा बल क्षेत्र में सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए लगातार ऐसे संयुक्त और प्रभावी सर्चिंग अभियान चला रहे हैं।
चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव
नारद एक्सप्रेस न्यूज