22 फरवरी को रायपुर मे यादव समाज का महासम्मेलन: 21 जोड़ों का आदर्श सामूहिक विवाह, युवक-युवती परिचय सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम
एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं आदर्श सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा
रायपुर : 22 फरवरी को यादव समाज का भव्य महासम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। इस आयोजन में आदर्श सामूहिक विवाह, युवक-युवती परिचय सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम होंगे। समाज की ओर से खर्चीली शादियों को त्याग कर आदर्श विवाह को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज की महानगर इकाई और महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में 22 फरवरी को एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं आदर्श सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम रायपुर के महादेवघाट, रायपुरा स्थित सामाजिक भवन में सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा।
समाज के प्रदेश सचिव एवं शहर जिला अध्यक्ष सुंदर लाल यादव ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि इस वर्ष 21 जोड़ों के आदर्श विवाह का लक्ष्य रखा गया है। सभी जोड़ों के विवाह का खर्च समाज द्वारा वहन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज के समय में विवाह योग्य वर-वधु की तलाश और शादी समारोह में अत्यधिक खर्च होता है। ऐसे में युवक-युवतियों और उनके परिजनों को एक मंच पर लाकर परिचय का अवसर देना इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य है, ताकि रिश्ते तय करने की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी हो सके।
कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित होगा। प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव होंगे, जबकि द्वितीय सत्र के मुख्य अतिथि रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव करेंगे।
विशिष्ट अतिथियों में रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, महापौर मीनल चौबे, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव और खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव सहित समाज के कई पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से 12 से 15 हजार यादव बंधुओं के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में सामाजिक विभूतियों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी होगी।
यादव समाज का यह महासम्मेलन सामाजिक एकता, सादगीपूर्ण विवाह और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
रिपोर्टर: कंचन यादव
नारद एक्सप्रेस न्यूज