कलेक्टर डॉ.गौरव सिंह का मंदिर हसौद में धुआंधार निरीक्षण:शिक्षा और विकास कार्यों को परखा, नियम विरुद्ध चल रहे पान ठेले को किया सील

रायपुर। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह आज एक अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने मंदिर हसौद क्षेत्र का आकस्मिक दौरा कर शासकीय व्यवस्थाओं, बुनियादी ढांचे और महिला सशक्तिकरण की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान जहां उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया, वहीं नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की।
शिक्षा की गुणवत्ता और मध्यान्ह भोजन की जांच
कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला रावणभाठा एवं मंदिर हसौद का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सीधे कक्षाओं में प्रवेश कर बच्चों से पढ़ाई की जानकारी ली। कक्षा 4वीं की छात्रा पुनेश्वरी नौरंगे से जब उन्होंने 4 का पहाड़ा पूछा, तो छात्रा के सटीक जवाब ने कलेक्टर का दिल जीत लिया। उन्होंने स्कूल में शिक्षकों की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए रसोई का निरीक्षण कर मेन्यू की जानकारी ली। साथ ही, स्कूल परिसर में स्वच्छता और शौचालयों की स्थिति दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
स्कूल के पास तंबाकू बेचने पर कड़ा एक्शन
प्रशासनिक कड़ाई दिखाते हुए कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला के ठीक सामने संचालित एक पान ठेले पर औचक दबिश दी। वहां अवैध रूप से तंबाकू विक्रय होते पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और बच्चों के भविष्य व स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोकने हेतु तत्काल प्रभाव से ठेला सील करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में अमृत मिशन योजना के तहत निर्मित पानी टंकी का भी अवलोकन किया और निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी।
पिंक ई-रिक्शा की सवारी और महिला स्वावलंबन की सराहना
दौरे का सबसे दिलचस्प हिस्सा तब रहा जब कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह मंदिर हसौद-नया रायपुर मार्ग पर अचानक रुके और 'बिहान' समूह की महिलाओं द्वारा संचालित पिंक ई-रिक्शा का जायजा लिया। कलेक्टर ने न केवल रिक्शा चालक श्रीमती सीतू कोसले से उनके अनुभव और आय के बारे में चर्चा की, बल्कि स्वयं यात्री बनकर जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन के साथ लगभग 12 किलोमीटर तक रिक्शा की सवारी की।

सीतू कोसले ने गर्व से बताया कि इस रोजगार से वह हर महीने 20 हजार रुपये से अधिक कमा रही हैं और आत्मनिर्भर हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में 40 महिलाओं को ये रिक्शा निःशुल्क प्रदान किए गए हैं, जो 'रेपिडो' ऐप के जरिए हाईटेक तरीके से संचालित हो रहे हैं। यात्रा के अंत में कलेक्टर ने डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देते हुए यूपीआई (UPI) के माध्यम से किराए का भुगतान किया।
इस पूरे निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम श्रीमती अभिलाषा पैंकरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव ,
चीफ एडिटर,नारद एक्सप्रेस न्यूज