ऑनलाइन हथियारों की सप्लाई पर कांकेर पुलिस का कड़ा रुख: कूरियर कंपनियों और ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म्स को जारी किए सख्त निर्देश
कांकेर जिले में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से धारदार हथियारों की अवैध डिलीवरी पर रोक लगाने के लिए कांकेर पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली कांकेर में ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों और प्रमुख कूरियर सेवा संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू तथा थाना प्रभारी श्री जितेन्द्र साहू की उपस्थिति में फ्लिपकार्ट, अमेज़न, मीशो, शैडोफैक्स, एक्सप्रेसबीज़ और डीटीडीसी सहित प्रमुख डिलीवरी व ई-कॉमर्स कंपनियों के प्रतिनिधियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।

संदिग्ध पार्सलों और ग्राहकों की होगी गहन जांच
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऑनलाइन ऑर्डर पर आपूर्ति किए जाने वाले धारदार हथियारों, चाकुओं और संदिग्ध पार्सलों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। कंपनियों को निम्नलिखित बिंदुओं पर अनिवार्य रूप से अमल करने को कहा गया है:
-
ग्राहक सत्यापन: संदिग्ध या अत्यधिक मात्रा में धारदार सामान मंगाने वाले ग्राहकों का तुरंत भौतिक सत्यापन और पहचान दर्ज की जाए।
-
पार्सल की जांच: डिलीवरी नेटवर्क में प्रवेश करने वाले संदिग्ध पार्सलों की गहन जांच की जाए।
-
त्वरित सूचना प्रणाली: किसी भी प्रकार के अवैध या संदिग्ध डिलीवरी ऑर्डर की जानकारी बिना किसी देरी के स्थानीय पुलिस को दी जाए।
लापरवाही पर होगी वैधानिक कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी कूरियर एजेंसी या ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की लापरवाही के कारण अवैध हथियारों की डिलीवरी पाई जाती है, तो संबंधित सेवा प्रदाता और प्रतिनिधि के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर जारी, पहचान रहेगी गोपनीय
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों और डिलीवरी एजेंटों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध पार्सल या हथियार से जुड़ी जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस को सूचित करें।
-
विशेष हेल्पलाइन नंबर: 94791-55125
-
सूचनादाता की सुरक्षा: जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
संपादक/नारद एक्स्प्रेस न्यूज