सुकमा पुलिस और CRPF की संयुक्त कार्रवाई में नक्सली डंप बरामद

सुकमा पुलिस और CRPF की संयुक्त कार्रवाई में नक्सली डंप बरामद

सुकमा :- नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुकमा पुलिस और सुरक्षा बलों को एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री रोहित शाह (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन में थाना भेज्जी क्षेत्र के ग्राम बोधराज पाड़र के जंगलों में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाया गया हथियार और कारतूसों का डंप बरामद किया गया।

यह पूरी कार्रवाई डीआईजी (ऑप्स) कोन्टा श्री राजेश पाण्डेय तथा 50वीं वाहिनी CRPF के सेनानी श्री प्रेमजीत कुमार के मार्गदर्शन में अमल में लाई गई। विश्वसनीय स्थानीय सूचना के आधार पर 3 अगस्त को CRPF 50 BN 'E' कंपनी के असिस्टेंट कमांडेंट श्री नीरज कुमार की अगुवाई में सीआरपीएफ और पुलिस बल की संयुक्त टीम FOB एलारमडगु से रवाना हुई। जंगल में गहन छानबीन के दौरान टीम ने कैंप से करीब 2.8 किलोमीटर दूर छिपाकर रखा गया डंप खोज निकाला, जिसमें से एक .315 बोर बोल्ट एक्शन राइफल, 49 जीवित कारतूस (47 नग 7.62×39 मिमी और 2 नग 7.62×51 मिमी) एवं एक एल्युमिनियम कंटेनर जब्त किया गया।

सर्च अभियान सफलतापूर्वक समाप्त होने के बाद सभी जवान सुरक्षित रूप से कैंप लौट आए। सुकमा पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों को और तेज़ करने की बात कही है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या नक्सल गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचनादाता की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव 

नारद एक्सप्रेस न्यूज