आपसी विवाद में युवक की सब्बल मारकर हत्या, पुलिस ने 6 घंटे में सुलझाई गुत्थी

दुर्ग/ नंदिनी नगर : दुर्ग जिला अंतर्गत नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम डूमर में एक अंधे कत्ल के सनसनीखेज मामले को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 6 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। डूमर में पानी टंकी के पास बने चबूतरे पर एक अज्ञात युवक का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। युवक के सिर पर गहरे जख्म के निशान थे, जिसकी पहचान पुलिस ने शरीर पर बने गोदना और अन्य साक्ष्यों के जरिए 18 वर्षीय चेतन ठाकुर (निवासी ग्राम पथरिया) के रूप में की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई, जिसमें यह बात सामने आई कि मृतक चेतन ठाकुर, सोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे के साथ बैठकर शराब पी रहा था। देर रात करीब 1:00 बजे शराब के नशे में उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि मुख्य आरोपी सोमनाथ उर्फ लालू यादव ने पास रखे सब्बल से चेतन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने प्रयुक्त सब्बल और अपने खून से सने कपड़े पास के एक तालाब में फेंक दिए थे।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में नंदिनी नगर पुलिस स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों—सोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद मुख्य आरोपी की निशानदेही पर एसडीआरएफ (SDRF) टीम की मदद से तालाब से वारदात में इस्तेमाल सब्बल और कपड़े बरामद कर लिए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। इस त्वरित कार्रवाई में नंदिनी नगर थाना स्टाफ और एसडीआरएफ टीम की विशेष भूमिका रही।
चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव
नारद एक्सप्रेस न्यूज