टायर के अंदर छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, दुर्ग पुलिस ने 3 आरोपियों को पिकअप और 15 किलो गांजे के साथ दबोचा

टायर के अंदर छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, दुर्ग पुलिस ने 3 आरोपियों को पिकअप और 15 किलो गांजे के साथ दबोचा

दुर्ग। नशा तस्करों के खिलाफ दुर्ग पुलिस की लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में जामुल थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने घासीदास नगर मैदान में घेराबंदी कर एक सफेद रंग की पिकअप वाहन (CG 07 CZ 8442) को रोककर जब उसकी बारीकी से तलाशी ली, तो तस्करी का एक हैरान कर देने वाला तरीका सामने आया। वाहन में रखे दो स्टेपनी टायरों के भीतर छिपाकर रखा गया कुल 15 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।

पुलिस टीम ने मौके से तीन आरोपियों आकाश जांगड़े (18 वर्ष), मुकेश कुमार सेन (22 वर्ष) और टिकेश्वर यादव (18 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अवैध रूप से मोटी रकम कमाने के चक्कर में इस काले कारोबार में संलिप्त थे। संदेह होने पर जब पुलिस ने ऑटो मिस्त्री की मदद से दोनों स्टेपनी टायरों को खुलवाया, तो उनके भीतर से गांजे के कुल 31 पैकेट बरामद हुए।

इस पूरी कार्रवाई में जामुल थाना पुलिस की टीम ने बेहद सराहनीय और मुस्तैद भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7,50,000 रुपये कीमत का गांजा, पिकअप वाहन, 4 मोबाइल फोन और नगद बिक्री रकम जप्त की है, जिसकी कुल कीमत 17,72,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दुर्ग पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नशे के इस अवैध कारोबार के खिलाफ जागरूक रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव 

नारद एक्सप्रेस न्यूज