होली पर रायगढ़ पुलिस का 'सुरक्षा चक्र': एसएसपी शशि मोहन सिंह की हुड़दंगियों को सीधी चेतावनी— "होली जेल में भी मन सकती है" ...

होली पर रायगढ़ पुलिस का 'सुरक्षा चक्र': एसएसपी शशि मोहन सिंह की हुड़दंगियों को सीधी चेतावनी— "होली जेल में भी मन सकती है" ...

रायगढ़ : होली के त्यौहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायगढ़ पुलिस ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए पूरे जिले को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने सुरक्षा का एक हाईटेक मैकेनिज्म तैयार किया है, जिसके तहत अगले 48 घंटों तक शहर के चप्पे-चप्पे पर ड्रोन और सीसीटीवी से पैनी नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा को पेट्रोलिंग और चेकिंग पॉइंट्स पर सघन मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।

इस बार रिस्पांस टाइम को न्यूनतम करने के लिए एक विशेष डिजिटल कंट्रोल रूम सेटअप किया गया है। सीएसपी मयंक मिश्रा ने बताया कि शहर के 16 प्रमुख चेकिंग पॉइंट्स और 27 पेट्रोलिंग यूनिट्स को एक लाइव व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया है, जिससे किसी भी सूचना पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचेगा। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों और स्टंट करने वाले बाइकर्स के खिलाफ ब्रीथ एनालाइजर से कड़ी जांच की जाएगी। इसके साथ ही साइबर सेल और महिला पुलिस की टीमें सादी वर्दी में तैनात रहेंगी, जो छेड़खानी करने वालों और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई करेंगी।

सुरक्षा के इस महाभियान में जिले के बल के साथ छठवीं और मैनपाट बटालियन के लगभग 400 जवान तैनात किए गए हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शालीनता से त्यौहार मनाने वालों का स्वागत है, लेकिन हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त रहेगी। उन्होंने नदी, डैम और पार्कों में जाने पर पाबंदी लगाते हुए गोताखोरों और फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट मोड पर रखा है। आज शाम सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस अपनी ताकत का अहसास कराएगी ताकि आम नागरिक भयमुक्त होकर होली का आनंद ले सकें।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव 

चीफ एडिटर, नारद एक्सप्रेस न्यूज