सावधान! लिफ्ट देने के बहाने महिलाओं को लूटने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, सुहेला और हथबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बलौदाबाजार/सुहेला:क्षेत्र में लगातार महिलाओं को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर लुटेरे को पुलिस ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी मनोज जोशी (41 वर्ष), जो मूल रूप से हथबंद का निवासी है और वर्तमान में भिलाई में रह रहा था, अकेले जा रही महिलाओं को लिफ्ट देने के बहाने सुनसान रास्तों पर ले जाकर लूट की वारदातों को अंजाम देता था।
वारदात का तरीका (Modus Operandi)
पुलिस के अनुसार, आरोपी की कार्यप्रणाली बेहद शातिराना थी। वह सड़क पर अकेली जा रही महिलाओं को मदद के नाम पर बाइक पर बैठाता था। इसके बाद वह उन्हें डरा-धमकाकर सुनसान इलाकों में ले जाता और उनके सोने-चांदी के जेवर व नकदी लूटकर फरार हो जाता था। डराने के लिए आरोपी एक पेंचिस का इस्तेमाल करता था।
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
लगातार हो रही वारदातों को देखते हुए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सिमगा, हथबंद और सुहेला सड़क मार्ग पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। तकनीकी विश्लेषण और फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हुई, जिसके बाद उसे घेराबंदी कर धर दबोचा गया।
बरामदगी और आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 3 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है, जिसमें शामिल हैं:
₹1,50,000 मूल्य के सोने-चांदी के जेवर।
₹78,000 नगद राशि।
घटना में प्रयुक्त चोरी की बाइक और 03 मोबाइल फोन।
डराने-धमकाने में इस्तेमाल किया गया पेंचिस।
आरोपी का पुराना इतिहास:
पकड़ा गया आरोपी मनोज जोशी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ थाना सुहेला और हथबंद में कुल 4 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, जिला दुर्ग में भी उसके विरुद्ध चोरी के 5 मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस की अपील: किसी भी अनजान व्यक्ति से लिफ्ट न लें और सुनसान रास्तों पर आवाजाही के दौरान सतर्क रहें।
मयंक श्रीवास्तव
चीफ़ एडिटर/नारद एक्सप्रेस न्यूज