राजिम कुंभ कल्प में अव्यवस्था: कलाकारों की अनदेखी पर भड़के विधायक रोहित साहू

राजिम। आस्था और संस्कृति के संगम 'राजिम कुंभ कल्प' मेले में इस वर्ष अव्यवस्थाओं का आलम देखने को मिल रहा है। आयोजन में हो रही भारी लापरवाही को लेकर स्थानीय भाजपा विधायक रोहित साहू ने कड़ा रुख अपनाया है। अधिकारियों और इवेंट कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विधायक ने उन्हें जमकर फटकार लगाई।
"सरकार की छवि से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं"
मेले में कलाकारों के लिए खाने और पीने के पानी की उचित व्यवस्था न होने पर विधायक रोहित साहू का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, "आप लोग सरकार की इमेज की धनिया बो रहे हैं। ऐसी लापरवाही से सरकार की बेइज्जती हो रही है।" विधायक के कड़े तेवरों के सामने मौजूद अधिकारी बगलें झांकते नजर आए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकार की छवि धूमिल करने वाली किसी भी चूक के लिए अधिकारी या इवेंट कंपनी को बख्शा नहीं जाएगा।
दूसरे दिन भी स्थिति जस की तस
विधायक की चेतावनी के बावजूद, अगले ही दिन 8 फरवरी को प्रशासन की एक और बड़ी लापरवाही सामने आई।
• कलाकारों का अपमान: मुख्य मंच पर प्रस्तुति देने के बाद कलाकारों को करीब डेढ़ घंटे तक बैठाए रखा गया।
• भोजन का अभाव: थके-हारे कलाकारों को समय पर भोजन तक नसीब नहीं हुआ।