किसान मजदूर संघ ने मुख्य सचिव से की मुलाकात: धान खरीदी की समस्याओं पर हुई सार्थक चर्चा

रायपुर (महानदी भवन): छत्तीसगढ़ के किसानों की समस्याओं और आगामी कृषि नीति में सुधार हेतु किसान मजदूर संघ छत्तीसगढ़ के संयोजक श्री ललित चंद्रनाहू ने दिनांक 04 फरवरी 2026 को प्रदेश के मुख्य सचिव श्री विकासशील से मंत्रालय, महानदी भवन में सौजन्य मुलाकात की।
धान खरीदी की विसंगतियों पर चर्चा
बैठक के दौरान मुख्य रूप से खरीफ वर्ष 2025 में धान विक्रय के दौरान किसानों को आई व्यावहारिक कठिनाइयों और तकनीकी परेशानियों पर विस्तार से समीक्षा की गई। श्री चंद्रनाहू ने आग्रह किया कि आगामी वर्ष में इन विसंगतियों को दूर किया जाए ताकि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का लाभ सुगमता से मिल सके।
महासमुंद से मुख्य सचिव का पुराना नाता
चर्चा के दौरान प्रशासनिक स्मृतियों को साझा करते हुए बताया गया कि मुख्य सचिव श्री विकासशील वर्ष 1995-96 में महासमुंद तहसील में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी (SDM) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उस समय उनके अधिकार क्षेत्र में सरायपाली, बसना, पिथौरा, बागबाहरा और महासमुंद जैसे विस्तृत क्षेत्र आते थे, जहाँ आज प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के चलते चार अलग-अलग अनुविभागीय कार्यालय स्थापित हो चुके हैं।
विकास की रुचि और महासमुंद प्रवास का आश्वासन
अपनी पुरानी कार्यस्थली होने के कारण श्री विकासशील ने महासमुंद जिले के सर्वांगीण विकास में विशेष रुचि दिखाई। संयोजक ललित चंद्रनाहू के विशेष आग्रह पर मुख्य सचिव ने आश्वासन दिया कि विधानसभा के आगामी बजट सत्र के उपरांत वे महासमुंद प्रवास पर आएंगे और वहां के विकास कार्यों का अवलोकन करेंगे।
मुख्यसंपादक: मयंक श्रीवास्तव
नारद एक्सप्रेस न्यूज़