छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं ट्रैफिक जागरूकता का संदेश

डीसीपी सेंट्रल जोन का पॉलिटेक्निक कॉलेज में संवाद से समाधान

छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं ट्रैफिक जागरूकता का संदेश

रायपुर : रायपुर कमिश्नरेट के निर्देशन में डीसीपी सेंट्रल जोन अंतर्गत थाना कोतवाली क्षेत्र में संवाद से समाधान कार्यक्रम का आयोजन महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज, रायपुर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, यातायात नियमों की जानकारी तथा पुलिस-जन संवाद को सशक्त बनाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान डीसीपी सेंट्रल जोन श्री उमेश प्रसाद गुप्ता (भा.पु.से.) द्वारा छात्र-छात्राओं को साइबर वर्ल्ड में इंटरनेट सर्फिंग के दौरान सुरक्षित रहने हेतु महत्वपूर्ण एवं व्यवहारिक टिप्स दिए गए। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल व लिंक, ओटीपी/व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से होने वाले जोखिमों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल सतर्कता पर विशेष रूप से जोर दिया। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में त्वरित सहायता हेतु सभी आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी प्रदान की गई।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री तारकेश्वर पटेल द्वारा रायपुर कमिश्नरेट की संरचना एवं कार्यप्रणाली को सरल शब्दों में समझाया गया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से साइबर दोस्त अभियान से जुड़ने, रायपुर कमिश्नरेट एवं रायपुर पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को फॉलो करने तथा समाज में जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में एसीपी सिविल लाइन श्री रमाकांत साहू द्वारा नशा मुक्ति के विषय पर संबोधित करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने, इसके दुष्परिणामों को समझने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। वहीं एसीपी ट्रैफिक श्री सतीश ठाकुर द्वारा सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग तथा सुरक्षित वाहन चालन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।

एसीपी कोतवाली श्री दीपक मिश्रा द्वारा थाना स्तर पर पुलिस की भूमिका, आमजन की समस्याओं के समाधान एवं पुलिस-जन सहयोग पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती वर्षा चौरसिया, श्रीमती पटेल सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं के साथ खुला संवाद स्थापित कर उनके प्रश्नों का समाधान किया गया। संवाद से समाधान कार्यक्रम के माध्यम से रायपुर कमिश्नरेट एवं डीसीपी सेंट्रल जोन द्वारा साइबर जागरूकता, नशा मुक्ति, यातायात अनुशासन एवं जनसहभागिता को मजबूत करने की दिशा में यह एक प्रभावी एवं सराहनीय पहल रही।

चीफ एडिटर: मयंक श्रीवास्तव

नारद एक्सप्रेस न्यूज