अवैध कबाड़ कारोबारियों पर बागनदी पुलिस का बड़ा प्रहार, 31.80 लाख का माल व वाहन जब्त

अवैध कबाड़ कारोबारियों पर बागनदी पुलिस का बड़ा प्रहार, 31.80 लाख का माल व वाहन जब्त

बागनदी :- जिले में अवैध कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बागनदी पुलिस ने कबाड़ माफियाओं पर बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में कबाड़ से भरे वाहनों सहित कुल 31 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (डोंगरगढ़) श्री केशरीनंदन नायक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में बागनदी पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन पर शिकंजा कसा।

कार्यवाही के दौरान ग्राम चाबुकनाला के पास आयशर वाहन (MH 49 CW 1937) को रोककर जांच की गई, जिसमें भरे 80 हजार रुपये के कबाड़ और वाहन सहित 20 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई। वहीं दूसरी कार्यवाही में एक अन्य आयशर ट्रक (MH 40 AK 7899) से 2 लाख रुपये का कबाड़ और वाहन मिलाकर 11 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई। मौके पर कबाड़ से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या बिल पेश न किए जाने पर पुलिस ने सामान व वाहनों को जब्त कर वैधानिक कानूनी कार्यवाही की।

थाना बागनदी क्षेत्र में अब तक अवैध कबाड़ के खिलाफ 05 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इस पूरी सफलता और मुस्तैद कार्यवाही में निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, उप निरीक्षक देवादास भारती, सहायक उप निरीक्षक भागवत प्रसाद धुर्वे तथा आरक्षक टाकेश्वर पटेल, संतोष महिपाल एवं भूपेंद्र तुमरेकी का सराहनीय योगदान रहा।

चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव