सहकार से समृद्धि: छत्तीसगढ़ में सहकारिता से मजबूत हो रही ग्रामीण अर्थव्यवस्था

रायपुर, : इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 'सहकार से समृद्धि' का संकल्प छत्तीसगढ़ में किसानों, वनवासियों और ग्रामीण परिवारों की तरक्की का मुख्य आधार बन रहा है। राज्य में शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण जैसी सुविधाओं से किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार मजबूत हो रही है, जिसके तहत इस वर्ष 15 लाख से अधिक किसानों को 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ऋण दिया गया है।

सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूर्ण होने के इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 1352 नई सहकारी समितियों के गठन के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सहकार के विस्तार की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 7.14 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए 162 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि के वितरण की शुरुआत की और सहकारिता विभाग के नए ऑनलाइन पारदर्शी पोर्टल का शुभारंभ किया।
सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि हर पंचायत को सहकारिता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान उत्कृष्ट समितियों को 'सहकार प्रेरणा पुरस्कार' से सम्मानित किया गया, महिला स्वयं सहायता समूहों को लाभांश वितरित किया गया और नई पैक्स समितियों को माइक्रो एटीएम सौंपे गए।
संपादक, प्रेम प्रकाश साहू
नारद एक्सप्रेस न्यूज