रायपुर पुलिस का बड़ा प्रहार: कालीबाड़ी के 'नशे के साम्राज्य' का अंत, कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया और उसका भाई गिरफ्तार ...

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। कालीबाड़ी नेहरू नगर क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय 'सूखे नशे' के संगठित नेटवर्क को पुलिस ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। यह पूरी सफल कार्रवाई डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं डीसीपी (सेंट्रल जोन) श्री उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मार्गदर्शन तथा एसीपी श्री दीपक मिश्रा के कुशल नेतृत्व में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट (ACCU) व थाना सिटी कोतवाली की टीम द्वारा संपन्न की गई। इस ऑपरेशन के माध्यम से शहर के कुख्यात और लंबे समय से फरार हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया और उसके भाई संजू को सलाखों के पीछे पहुँचाने में बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस जांच में इस नेटवर्क का खुलासा तब हुआ जब 24 फरवरी को थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अब्दुल जाफर और सुनील जगत को गांजा बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपियों से कड़ी पूछताछ के आधार पर जब कालीबाड़ी स्थित उनके एक गुप्त ठिकाने (हाइडआउट) पर दबिश दी गई, तो पुलिस भी दंग रह गई। वह ठिकाना आधुनिक तकनीक, मोशन सेंसर, सीसीटीवी कैमरों और वाई-फाई उपकरणों से लैस था, ताकि पुलिस की आहट मिलते ही आरोपी सतर्क हो सकें। वहाँ से भारी मात्रा में गांजा और पैकिंग सामग्री बरामद की गई थी।
इसी कड़ी में 25 और 26 फरवरी की दरम्यानी रात मुखबिर की पुख्ता सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश में एसीपी दीपक मिश्रा के नेतृत्व वाली संयुक्त टीम ने नरैया तालाब क्षेत्र में सुनियोजित घेराबंदी कर मुख्य सरगना मुकेश बनिया और उसके भाई संजू को दबोच लिया। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और 2400 नशीली गोलियां (अल्प्राजोलम) बरामद की गईं। आरोपी मुकेश बनिया गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और ओडिशा जैसे राज्यों में अपने ठिकाने बदल रहा था।
पकड़े गए दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड अत्यंत संगीन है। मुख्य आरोपी मुकेश बनिया के विरुद्ध हत्या, आर्म्स एक्ट, बलवा और एनडीपीएस जैसी गंभीर धाराओं में 31 से अधिक मामले दर्ज हैं, वहीं उसके भाई संजू पर पॉक्सो एक्ट और चोरी सहित 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मुकेश इलाके में खुद को माफिया बताकर दहशत फैलाता था। वर्तमान में पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
चीफ एडिटर, नारद एक्सप्रेस न्यूज