रायपुर: पेट्रोल खत्म होने पर मदद के बहाने लूट, ई-रिक्शा सवार तीन बदमाशों ने युवक को किया घायल

रायपुर: पेट्रोल खत्म होने पर मदद के बहाने लूट, ई-रिक्शा सवार तीन बदमाशों ने युवक को किया घायल

रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में मदद के नाम पर लूट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ई-रिक्शा में सवार तीन बदमाशों ने पेट्रोल खत्म होने पर मदद का झांसा देकर एक युवक के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उसकी स्कूटी, नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

क्या है पूरा मामला? नेहरू नगर निवासी सौरभ आईच, जो टैगोर नगर स्थित एक फूलों की दुकान में काम करता है, 4 मार्च की रात करीब 1 बजे कमल विहार से काम निपटाकर अपने घर लौट रहा था। सिद्धार्थ चौक के पास उसकी स्कूटी (CG 04 QF 5988) का पेट्रोल खत्म हो गया। उसी दौरान नीले रंग के ई-रिक्शे में आए तीन युवकों ने उसे मदद का भरोसा दिलाया।

झांसा देकर सुनसान जगह ले गए आरोपी पहले उसे संतोषी नगर पेट्रोल पंप ले गए, जो बंद था। इसके बाद 'घर से पेट्रोल दिलाने' का बहाना बनाकर उसे बोरियाखुर्द आरडीए कॉलोनी के पास एक सुनसान जगह ले गए। वहां आरोपियों ने उसे सुबह 5 बजे तक बंधक बनाए रखा। सुबह होते ही जब पीड़ित ने विरोध किया, तो बदमाशों ने कांच की बोतल फोड़कर उसके पेट और हाथों पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई आरोपी युवक से 1500 रुपये नकद और ओप्पो मोबाइल लूटकर उसकी स्कूटी समेत फरार हो गए। घायल सौरभ ने किसी तरह अपने मालिक को सूचना दी और टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर तुषार अहमद, समीर और अलीमुद्दीन के खिलाफ लूट और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।

मयंक श्रीवास्तव 

चीफ एडिटर/नारद एक्सप्रेस न्यूज़