सीतापुर में 1 करोड़ की ज्वेलरी उठाईगिरी का खुलासा, 46 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद

सीतापुर में 1 करोड़ की ज्वेलरी उठाईगिरी का खुलासा, 46 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद

सरगुजा :- सीतापुर में ज्वेलर्स से करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर से भरा बैग उठाकर फरार होने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में करीब **46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद** किए हैं। हालांकि, मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।

दरअसल, 26 जुलाई 2026 को सीतापुर के हाईस्कूल के पास संचालित कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरूणदेव सोनी अपनी स्कूटी में ज्वेलरी से भरा बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। दुकान खोलते समय अज्ञात आरोपी स्कूटी के सामने रखा बैग उठाकर फरार हो गए थे। बैग में करीब 1 करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बताए गए थे। मामले में थाना सीतापुर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

**पुलिस ने करीब 500 CCTV फुटेज खंगाले।** जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों के संभावित रूट तक छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा के करीब 500 CCTV फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दो मोटरसाइकिलों में चार संदिग्धों के भागने का रूट ट्रेस किया गया। पुलिस ने अलग-अलग राज्यों की पुलिस से समन्वय कर संदिग्धों की पहचान ओडिशा के गंजाम जिले के चांटी दास और नागेश्वर राव के रूप में की।

**ओडिशा में 10 दिन चला सर्च ऑपरेशन।** आरोपियों की तलाश में साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम को गंजाम भेजा गया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम ने करीब 10 दिनों तक संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी चांटी दास अपने घर आया है। पुलिस टीम ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से **300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिसकी कीमत करीब 43 लाख रुपये और 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये है**, बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक मामले में आरोपी चांटी दास, नागेश्वर राव समेत अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में साइबर सेल अंबिकापुर, थाना सीतापुर और थाना मणीपुर की टीम के साथ ओडिशा पुलिस की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव 

नारद एक्सप्रेस न्यूज