डिजिटल हुआ थाना गंज का मालखाना: रायपुर कमिश्नरेट में ई-मालखाना प्रणाली का विस्तार

डिजिटल हुआ थाना गंज का मालखाना: रायपुर कमिश्नरेट में ई-मालखाना प्रणाली का विस्तार

रायपुर :- रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल ज़ोन में पारदर्शी और तकनीक आधारित मालखाना प्रबंधन की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर श्री अमित तुकाराम कांबले (IPS) ने थाना गंज में “ई-मालखाना” प्रणाली का विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही गंज, सेंट्रल ज़ोन का पांचवां और कोतवाली डिवीजन का चौथा ऐसा थाना बन गया है, जिसका मालखाना पूरी तरह डिजिटल हो चुका है। इससे पूर्व कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और देवेंद्र नगर में यह व्यवस्था लागू की जा चुकी है।

डीसीपी सेंट्रल ज़ोन श्री तारकेश्वर पटेल और एडिशनल डीसीपी श्री विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में क्रियान्वित इस व्यवस्था के तहत थाना गंज की जप्त सामग्री का भौतिक सत्यापन कर वैज्ञानिक तरीके से पैकेजिंग और रैकवाइज वर्गीकरण किया गया है। हर सामग्री को एक यूनिक बारकोड आवंटित कर उसकी ऑनलाइन डेटा एंट्री और स्कैनिंग की गई है, जिससे किसी भी माल की लोकेशन और 'चेन ऑफ कस्टडी' को तुरंत ट्रैक किया जा सके।

इस अवसर पर डीसीपी श्री पीतांबर पटेल, एसीपी कोतवाली श्री दीपक मिश्रा और एसीपी ट्रैफिक श्री कमलजीत पाटले भी उपस्थित रहे। एडिशनल कमिश्नर श्री अमित तुकाराम कांबले ने थाना गंज प्रभारी निरीक्षक श्री दीपक पासवान और उनकी टीम के उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें विभागीय प्रोत्साहन ईनाम देने की घोषणा की। आधुनिक तकनीक पर आधारित यह नवाचार पुलिस की कार्यकुशलता और क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम को मजबूती प्रदान करेगा।

चीफ एडिटर, मयंक श्रीवास्तव 

नारद एक्सप्रेस न्यूज