कारगिल विजय दिवस पर शबरी कन्या आश्रम में चित्रकला प्रतियोगिता, बच्चों में जगाया देशभक्ति का जज्बा

रायपुर :- रायपुर में सीआरपीएफ स्थापना दिवस और कारगिल विजय दिवस के अवसर पर प्रत्युषा फाउंडेशन द्वारा वनवासी विकास समिति के शबरी कन्या आश्रम में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दो मिनट का मौन रखकर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देकर की गई।
प्रत्युषा फाउंडेशन की संस्थापिका प्रीति दास मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति, वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है। संस्था की सहकोषाध्यक्ष शशि यादव ने कारगिल युद्ध में वीर सैनिकों के शौर्य, बलिदान और मातृभूमि की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च योगदान की जानकारी छात्राओं को दी।
इसके बाद सांस्कृतिक उपाध्यक्ष अर्चना वोरा ने छात्राओं को चित्रकला प्रतियोगिता के नियम बताए और प्रतियोगिता के लिए आवश्यक सभी सामग्री फाउंडेशन की ओर से उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में शामिल बच्चों को फ्रेंडशिप बैंड और स्वल्पाहार भी वितरित किया गया।
इस अवसर पर संस्था की पदाधिकारी अर्चना वोरा, शशि यादव, माधवी जोशी वशिष्ठ, संगीता चौबे, अस्मिता नोनिसा, त्रिशा सुजाकी, रिक्मी और जाह्नवी सहित कई सदस्य मौजूद रहे। छात्रावास की सभी बच्चियों ने उत्साह के साथ चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और देशभक्ति के रंगों से अपनी भावनाओं को कैनवास पर उकेरा।
संपादक, प्रेम प्रकाश साहू
नारद एक्सप्रेस न्यूज