प्रेमजाल में फंसाकर नाबालिग से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर खुला राज; आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

कांकेर :- उत्तर बस्तर कांकेर जिले की हल्बा चौकी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ कई महीनों तक दुष्कर्म करने का आरोप है, जिससे पीड़िता गर्भवती हो गई।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को पीड़िता की मां ने हल्बा चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि बालोद जिले के चारभाठा निवासी 21 वर्षीय हेमंत कुमार विश्वकर्मा ने नाबालिग को प्रेम संबंधों के बहाने अपने झांसे में लिया। आरोप है कि सितंबर 2025 में पहली बार उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और इसके बाद कई बार उसका यौन शोषण करता रहा। बाद में पीड़िता के गर्भवती होने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने आरोपी की तलाश करते हुए बालोद जिले के चारभाठा गांव से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पीड़िता से रिश्तेदारी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कांकेर पुलिस की अपील:-
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।