खरोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार ...
रायपुर (ग्रामीण): राजधानी रायपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री पर लगाम कसने हेतु पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना खरोरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के दिशा-निर्देशों तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। अनुविभागीय अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी के.के. कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कनकी स्थित 'देवांगन चिकन सेंटर' पर दबिश दी। वहां अवैध रूप से शराब बिक्री की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी तोरन देवांगन (42 वर्ष) को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक बोरी में छिपाकर रखे गए कुल 82 पौवा देशी मदिरा मसाला शराब बरामद किए गए। जप्त शराब की कुल मात्रा 14 लीटर 760 मि.ली. आंकी गई है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 8200 रुपये है। पुलिस ने शराब की बिक्री से अर्जित 700 रुपये नगद भी जप्त किए हैं। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने के कारण आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तारी की विधिवत सूचना परिजनों को देने के पश्चात आरोपी को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
चीफ एडिटर, नारद एक्सप्रेस न्यूज